जामताड़ा गांधी मैदान की शहीद बेदी पर खुदीराम बोस को दी श्रद्धांजलि

जामताड़ा गांधी मैदान की शहीद बेदी पर खुदीराम बोस को दी श्रद्धांजलि ।
दीनबंधु राउत / जामताड़ा :
जामताड़ा गांधी मैदान स्थित अमर शहीद बेदी पर मंगलवार को महान स्वतंत्रता सेनानी एवं अमर शहीद खुदीराम बोस के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं सहित सेवानिवृत्त शिक्षक डी.डी. भंडारी तथा खेल जगत के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दीपक दुबे, राहुल सिंह और अनीश रंजन ने शहीद बेदी पर पुष्पमाला एवं पुष्प अर्पित कर खुदीराम बोस को नमन किया। कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त शिक्षक डॉ डी.डी. भंडारी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि 11 अगस्त को पूरा देश अमर शहीद खुदीराम बोस के बलिदान दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को खुदीराम बोस के जीवन और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खुदीराम बोस का जन्म 3 दिसंबर 1889 को पश्चिम बंगाल के मिदनापुर जिले के हबीबपुर में हुआ था। कम उम्र में ही वे देश की आजादी के आंदोलन से जुड़ गए थे। 30 अप्रैल 1908 को मुजफ्फरपुर में ब्रिटिश जज किंग्सफोर्ड को निशाना बनाने की क्रांतिकारी योजना में उन्होंने प्रफुल्ल चाकी के साथ हिस्सा लिया था। घटना के बाद खुदीराम बोस गिरफ्तार किए गए।वही डॉ डी.डी. भंडारी ने बताया कि मात्र 18 वर्ष की आयु में 11 अगस्त 1908 को खुदीराम बोस को मुजफ्फरपुर जेल में फांसी दी गई। उनका साहस और देशभक्ति आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
