01 सितंबर से शुरू होगा उल्लास साक्षरता पखवाड़ा, निरक्षरों के पंजीकरण को लेकर बनी रणनीति ।

01 सितंबर से शुरू होगा उल्लास साक्षरता पखवाड़ा, निरक्षरों के पंजीकरण को लेकर बनी रणनीति ।
सरायकेला :सरायकेला-खरसावां जिले में आगामी 01 सितंबर से शुरू होने वाले उल्लास साक्षरता पखवाड़ा कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर शनिवार को विभिन्न प्रखंडों में विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड के सभी बीआरपी, सीआरपी, संकुल साधन सेवी, विद्यालयों के प्रभारी एवं शिक्षक शामिल हुए। इस दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने के साथ सभी संबंधित कर्मियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गईं।चांडिल बीआरसी में आयोजित बैठक की अध्यक्षता नोडल पदाधिकारी प्रभा शंकर तिवारी ने की। उन्होंने उल्लास साक्षरता कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए इसे सफल बनाने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों, शिक्षकों एवं वालंटियरों को पूरी तत्परता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
बैठक में प्रखंड स्तरीय उल्लास सेल का गठन किया गया। साथ ही निर्णय लिया गया कि आगामी मंगलवार, 01 सितंबर को प्रखंड स्तर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित कर सरकार के इस महत्वाकांक्षी साक्षरता अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए सभी संकुल साधन सेवियों के बीच कार्यों का बंटवारा कर उन्हें जिम्मेदारियां सौंपी गईं।बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 01 से 03 सितंबर तक विशेष अभियान चलाकर प्रखंड क्षेत्र के सभी निरक्षर लोगों का पंजीकरण कराया जाएगा। इस अभियान में स्थानीय लोगों एवं जनप्रतिनिधियों का सहयोग लेने तथा उन्हें अभियान से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।इसके अलावा, 30 अगस्त को सभी संकुल साधन सेवी अपने-अपने संकुल के शिक्षकों एवं वालंटियरों के साथ जूम मीटिंग करेंगे। बैठक के माध्यम से कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अभियान को सफल बनाने के लिए बनाई गई रणनीति को धरातल पर उतारने की योजना तैयार की जाएगी।बैठक में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सांत्वना जेना, ब्लॉक रिसोर्स पर्सन कांचन, सभी संकुल साधन सेवी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।
