रामकृष्णा कास्टिंग सॉल्यूशंस लिमिटेड यूनिट- 9 में,नौ सूत्री मांगों को लेकर मजदूरों ने काम बंद कर कंपनी के बाहर दिया धरना ।

रामकृष्णा कास्टिंग सॉल्यूशंस लिमिटेड यूनिट- 9 में,नौ सूत्री मांगों को लेकर मजदूरों ने काम बंद कर कंपनी के बाहर दिया धरना ।
सरायकेला:सरायकेला जिले के गम्हरिया स्थित राम कृष्ण कास्टिंग सॉल्यूशंस लिमिटेड यूनिट- 9 में कंपनी के मजदूरों ने नौ सूत्री मांगों को लेकर काम बंद कर कंपनी के बाहर धरना दिया। मजदूरों ने वेतन वृद्धि, न्यूनतम मजदूरी और अन्य सुविधाओं की मांग करते हुए प्रबंधन के प्रति नाराजगी जताई। 
मजदूरों का कहना है कि वे कंपनी में पूरी मेहनत और ईमानदारी से काम करते हैं, लेकिन बढ़ती महंगाई के बावजूद वेतन में उचित वृद्धि नहीं होने से परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है।मजदूरों की प्रमुख मांगों में सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी का भुगतान, प्रत्येक वर्ष वेतन वृद्धि, ओवरटाइम करने पर नियमानुसार दोगुनी मजदूरी और अतिरिक्त समय काम करने पर भोजन की व्यवस्था शामिल है। इसके अलावा राष्ट्रीय अवकाश के दिन काम करने पर दोगुना वेतन, ठेका कर्मचारियों को प्रत्येक माह की सात तारीख तक वेतन भुगतान तथा वेतन पर्ची उपलब्ध कराने की मांग की गई है।मजदूरों ने बिना उचित कारण किसी कर्मचारी को काम से नहीं हटाने, नौकरी से हटाने से पहले तीन से पांच दिन का नोटिस देने, बेरोजगारी भत्ता उपलब्ध कराने तथा कंपनी परिसर में आने-जाने की उचित व्यवस्था करने की भी मांग उठाई। मजदूरों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता है वह काम पर नहीं जाएंगे।इन मांगों को लेकर मजदूरों ने प्रबंधन को आवेदन सौंपते हुए समस्याओं के समाधान की अपील की।धरना स्थल पर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के पूर्व सरायकेला विधानसभा प्रत्याशी प्रेम मार्डी पहुंचे और मजदूरों को अपना समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि औद्योगिक कंपनियों में मजदूरों के शोषण की शिकायतें सामने आती रही हैं। मजदूरों को उनके अधिकार और उचित सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने प्रबंधन से मजदूरों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर समस्याओं का समाधान करने की अपील की।
