बॉलीवुड अभिनेता किस्सू राहुल पहुंचे खलारी-मैकलुस्कीगंज ।

बॉलीवुड अभिनेता किस्सू राहुल पहुंचे खलारी-मैकलुस्कीगंज ।
प्राइम इंडिया न्यूज संवाददाता: पवन गुप्ता
खलारी/ बॉलीवुड अभिनेता किस्सू राहुल ने बुधवार को अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग के लिए खलारी एवं मैकलुस्कीगंज सहित आसपास के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। अभिनेता और उनकी टीम ने फिल्म की कहानी के अनुरूप उपयुक्त लोकेशन की तलाश में क्षेत्र की प्राकृतिक एवं औद्योगिक पृष्ठभूमि का जायजा लिया।किस्सू राहुल ने अपने दौरे के क्रम में मैकलुस्कीगंज, खलारी तथा आसपास के कई संभावित शूटिंग स्थलों का निरीक्षण किया। टीम ने क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, प्राकृतिक सौंदर्य, औद्योगिक परिवेश तथा शूटिंग के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। फिल्म की कहानी के अनुरूप कई स्थान टीम को उपयोगी और आकर्षक लगे।दौरे के दौरान खलारी डीएसपी आर.एन. चौधरी ने अभिनेता एवं उनकी टीम के साथ विभिन्न संभावित लोकेशनों का भ्रमण किया। उन्होंने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक सहयोग तथा फिल्म शूटिंग के दौरान उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। डीएसपी ने आश्वस्त किया कि फिल्म यूनिट को आवश्यक सुरक्षा एवं प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह तत्पर रहेगा। डीएसपी आर.एन. चौधरी ने कहा कि खलारी-मैकलुस्कीगंज क्षेत्र में शूटिंग के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध है। उन्होंने फिल्म यूनिट को क्षेत्र में शूटिंग के लिए आमंत्रित करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। वहीं, अभिनेता किस्सू राहुल ने खलारी और मैकलुस्कीगंज क्षेत्र की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ यहां का औद्योगिक परिवेश भी काफी खास है। फिल्म की कहानी के अनुरूप यहां कई ऐसे स्थान मौजूद हैं, जिन्हें पर्दे पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा सकता है। उन्होंने क्षेत्र के शांत वातावरण, प्राकृतिक दृश्यों और अलग-अलग तरह के लोकेशन को शूटिंग के लिहाज से काफी उपयोगी बताया।
अभिनेता ने स्थानीय क्षेत्र की खूबसूरती की प्रशंसा करते हुए कहा कि खलारी और मैकलुस्कीगंज में फिल्म निर्माण की काफी संभावनाएं हैं। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि यदि लोकेशन फिल्म की कहानी के अनुरूप अंतिम रूप से तय होती है, तो आने वाले दिनों में यहां फिल्म की शूटिंग की जा सकती है।इस अवसर पर अभिनेता किस्सू राहुल के साथ फिल्म के डायरेक्टर प्रियरंजन, प्रोडक्शन टीम के सदस्य तथा जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की टीम मौजूद रही।
फिल्म यूनिट द्वारा किए गए इस दौरे के बाद अब आगामी दिनों में शूटिंग के लिए लोकेशनों को अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है। यदि खलारी-मैकलुस्कीगंज क्षेत्र को शूटिंग के लिए चुना जाता है, तो इससे क्षेत्र को फिल्मी पहचान मिलने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर पर्यटन, रोजगार और व्यवसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।अभिनेता किस्सू राहुल ने जिला प्रशासन द्वारा दिए गए सहयोग लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।
