चमनगंज में शत्रु संपत्ति पर अवैध निर्माण ध्वस्त, 2 के खिलाफ एफआईआर की तहरीर

चमनगंज में शत्रु संपत्ति पर अवैध निर्माण ध्वस्त, 2 के खिलाफ एफआईआर की तहरीर ।
संवाददाता: राजन साहू : प्राइम इंडिया न्यूज
कानपुर के चमनगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नाला रोड स्थित घोषित शत्रु संपत्ति ‘दारुल मौला’ में अवैध रूप से खड़े किए गए 4 पिलरों को ध्वस्त कर दिया।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर एडीएम सिटी आलोक कुमार गुप्ता के नेतृत्व में प्रशासन और राजस्व की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने मजदूरों की मदद से शत्रु संपत्ति के अंदर किए जा रहे अवैध निर्माण के 4 पिलरों को गिरवा दिया।
प्रशासन का कहना है कि उक्त संपत्ति पर बिना अनुमति निर्माण कराया जा रहा था। अवैध निर्माण कराने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ थाना चमनगंज में एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने स्पष्ट किया कि जनपद में स्थित शत्रु संपत्तियों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी तहसीलों को ऐसी संपत्तियों की नियमित निगरानी करने और अतिक्रमण की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया है।
