मुरादनगर विधानसभा में एमएलसी स्नातक चुनाव की तैयारियां तेज, मतदान बढ़ाने का ब्लूप्रिंट तैयार ।

मुरादनगर विधानसभा में एमएलसी स्नातक चुनाव की तैयारियां तेज, मतदान बढ़ाने का ब्लूप्रिंट तैयार ।
पूर्व महापौर आशु वर्मा ने ली बैठक, मंडलवार मतदाता संपर्क और चुनाव प्रबंधन की रणनीति बनाई
गाजियाबाद। मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र में एमएलसी स्नातक चुनाव को लेकर भाजपा संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने और मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से विधानसभा प्रभारी एवं पूर्व महापौर आशु वर्मा की अध्यक्षता में चुनावी बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडलवार मतदाता संपर्क अभियान, मतदान केंद्रों पर समन्वय और चुनाव प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई।
बैठक में इंग्राहम इंटर कॉलेज राजनगर, हंस डिग्री कॉलेज मुरादनगर, रजापुर ब्लॉक कार्यालय, मोरटा तथा राजकीय पॉलिटेक्निक शास्त्री नगर स्थित मतदान केंद्रों पर मतदान बढ़ाने को लेकर विशेष चर्चा हुई। मुरादनगर शहर एवं देहात, जलालाबाद, मोदीनगर, डासना देहात, गोविंदपुरम, राजनगर और कविनगर मंडलों के पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर मतदाताओं तक पहुंचने की रणनीति बनाई गई।
चुनावी तैयारियों को गति देने के लिए विधानसभा प्रभारी आशु वर्मा ने आरकेजीआईटी के प्रबंधक विपुल गोयल के साथ भी आवश्यक चुनावी आंकड़ों एवं सामग्री को लेकर चर्चा की।
पूर्व महापौर आशु वर्मा ने कहा कि चुनाव में बेहतर परिणाम के लिए संगठन की सक्रियता, कार्यकर्ताओं का समन्वय और मतदाताओं से प्रभावी संपर्क आवश्यक है। सभी मंडलों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा, ताकि अधिक से अधिक पात्र मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
स्नातक विधानसभा संयोजक एडवोकेट सचिन गोयल ने कहा कि चुनाव की सफलता के लिए मतदाता सूची की जानकारी, योजनाबद्ध जनसंपर्क और मंडल स्तर पर बेहतर तालमेल महत्वपूर्ण है। सभी संबंधित पदाधिकारियों के सहयोग से चुनावी तैयारियों को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है।
स्नातक विधानसभा सह-संयोजक एवं पार्षद प्रदीप चौधरी ने कहा कि संगठन की मजबूती सामूहिक प्रयास और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से सुनिश्चित होती है। मुरादनगर विधानसभा के सभी मंडलों में समन्वित अभियान चलाकर पात्र स्नातक मतदाताओं से संपर्क किया जाएगा, ताकि कोई भी मतदाता जानकारी के अभाव में अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
बैठक में केंद्र प्रभारी एवं पूर्व पार्षद ललित शर्मा सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, मंडल संयोजक तथा संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने चुनावी तैयारियों को प्रभावी बनाने और मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए समन्वित प्रयास करने पर जोर दिया।
कार्ययोजना बैठक आरकेजीआईटी कॉलेज के सभागार में की गई इस दौरान मतदान केंद्र प्रभारी पूर्व पार्षद ललित शर्मा, मंडल अध्यक्ष ठाकुर गजेंद्र सिंह, अध्यक्ष राहुल गोयल अन्य पदाधिकारी जगत प्रताप सिंह, अभिजीत मुखर्जी, मनीष मित्तल, हरीश राजौरा, पूर्व पार्षद बिंदु त्यागी, गीता चौधरी, मोहित त्यागी, सोनिया त्यागी, सचिन शर्मा, विजय लक्ष्मी शर्मा आदि मौजूद रहे।
मतदान कार्यक्रम: मतदान 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित है।
