November 14, 2026

छठ घाटों की सुरक्षा और सुविधा पर प्रशासन का विशेष जोर, 10 नवंबर तक पूरी होंगी तैयारियां ! 

छठ घाटों की सुरक्षा और सुविधा पर प्रशासन का विशेष जोर, 10 नवंबर तक पूरी होंगी तैयारियां ! 

छठ घाटों की सुरक्षा और सुविधा पर प्रशासन का विशेष जोर, 10 नवंबर तक पूरी होंगी तैयारियां !

**उपायुक्त हेमंत सती एवं एसपी अमन कुमार ने नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न तालाबों का किया निरीक्षण, गहरे जलाशयों में होगी बैरिकेडिंग और एनडीआरएफ की तैनाती**

**रफ्तार मिडिया हजारीबाग/सुमन सिन्हा।** लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर हजारीबाग जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए बुधवार को उपायुक्त हेमंत सती एवं पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों एवं तालाबों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां 10 नवंबर तक हर हाल में पूरी करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त एवं एसपी ने झील, छठ तालाब, बुढ़वा महादेव तालाब, कालीबाड़ी तालाब तथा हुडहुडू स्थित लंबा तालाब सहित अन्य प्रमुख जलाशयों का जायजा लिया। अधिकारियों ने घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का आकलन किया।

उपायुक्त ने मौके पर मौजूद अपर नगर आयुक्त को सभी महत्वपूर्ण छठ तालाबों के गहरे एवं संवेदनशील क्षेत्रों में बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना एवं दुर्घटना को रोका जा सके। उन्होंने सभी छठ घाटों पर बेहतर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा।

**गहरे पानी में सुरक्षा के लिए होगी विशेष व्यवस्था**

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर तालाबों में एनडीआरएफ की टीम की प्रतिनियुक्ति करने तथा पर्याप्त संख्या में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती का निर्देश दिया गया। इसके अलावा बोट के माध्यम से तालाबों के गहरे क्षेत्रों एवं पानी की गहराई से संबंधित जानकारी का नियमित अनाउंसमेंट कराने को कहा गया, ताकि श्रद्धालु सतर्क रहें और किसी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।

घाटों के आसपास भीड़ एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए उचित दूरी पर पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। प्रशासन का उद्देश्य है कि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने और अर्घ्य अर्पित करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

**समय सीमा में पूरी होंगी सभी तैयारियां**

उपायुक्त हेमंत सती ने कहा कि छठ लोक आस्था, श्रद्धा एवं पवित्रता का महापर्व है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न जलाशयों एवं छठ घाटों पर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है।

उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया, ताकि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.