उत्तर प्रदेश के मथुरा-वृंदावन में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के समर्थन में संत समाज और कई जाने-माने धर्माचार्य सामने आए हैं ।

उत्तर प्रदेश के मथुरा-वृंदावन में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के समर्थन में संत समाज और कई जाने-माने धर्माचार्य सामने आए हैं। वृंदावन में आयोजित संतों की बैठक में उनके बयान का समर्थन किया गया। इस दौरान संतों ने ‘संतों का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान’ के नारे लगाकर विरोध दर्ज कराया।
बैठक में संतों और कथावाचकों ने कहा कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का बयान गलत नहीं है, बल्कि कुछ लोग उसके भावार्थ को समझ नहीं पा रहे हैं। संतों ने कहा कि भगवान श्रीराम का अवतार मर्यादा की स्थापना के लिए हुआ था, जबकि भगवान श्रीकृष्ण का अवतार लीलाओं के लिए हुआ था। इसलिए दोनों के प्रसंगों में अंतर होना स्वाभाविक है।
काशी विद्वत्परिषद के पश्चिमी भारत प्रभारी कार्ष्णि नागेन्द्र जी महाराज ने आरोप लगाया कि एक सोची-समझी रणनीति के तहत सनातन धर्म और संतों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश में इस्लामीकरण और ईसाईकरण के खिलाफ संत और धर्माचार्य सबसे बड़ी बाधा बने हुए हैं, इसलिए उन्हें नीचा दिखाने की कोशिश की जा रही है।
संतों ने चेतावनी दी कि यदि सनातन धर्म के ऋषि-मुनियों, संतों, कथावाचकों और ब्राह्मणों को निशाना बनाया गया तो आगामी चुनावों में इसके गंभीर राजनीतिक परिणाम हो सकते हैं।
बैठक में प्रसिद्ध कथावाचक संजीव कृष्ण ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यदि अखिलेश यादव को सनातन धर्म और भगवान श्रीकृष्ण से वास्तव में प्रेम है तो उन्हें मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि से जुड़े विवाद और वहां मस्जिद के खिलाफ अभियान चलाना चाहिए। उन्होंने कहा कि संत समाज इस अभियान में उनका साथ देगा।
संजीव कृष्ण ने आरोप लगाया कि मुस्लिम वोट बैंक की राजनीति के लिए संतों को नीचा दिखाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि अब इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वहीं, कथावाचक ठाकुर कृष्ण चंद्र शास्त्री ने कहा कि ब्रज में भगवान श्रीकृष्ण की अलग-अलग भावों से पूजा होती है। जिन लोगों को इन भावों का अर्थ नहीं पता, वे कृष्ण के बारे में सही समझ नहीं रख सकते। उन्होंने आरोप लगाया कि टीआरपी और व्यूज के लालच में ऐसी बातें की जाती हैं। उन्होंने कहा कि संत समाज धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के साथ खड़ा है।
