बस्ती होकर गुजरने वाली ट्रेनों को मिला ‘कवच’, अब टक्कर रोकने को खुद लगेगा ब्रेक !

बस्ती, यूपी । धर्मेन्द्र द्विवेदी प्राइम इंडिया न्यूज ।
बस्ती होकर गुजरने वाली ट्रेनों को मिला ‘कवच’, अब टक्कर रोकने को खुद लगेगा ब्रेक*,*डोमिनगढ़-स्वामी नारायण छपिया रेलखंड बना पूर्वोत्तर रेलवे का पहला स्टैंडर्ड ‘कवच’ युक्त सेक्शन*
बस्ती होकर गुजरने वाली ट्रेनों के सफर को अब स्वदेशी तकनीक का सुरक्षा कवच मिल गया है। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के डोमिनगढ़-स्वामी नारायण छपिया 101.97 रूट किलोमीटर रेलखंड पर स्टैंडर्ड ‘कवच’ की कमीशनिंग पूरी कर इसे चालू कर दिया गया है। यह पूर्वोत्तर रेलवे का पहला स्टैंडर्ड ‘कवच’ युक्त रेलखंड है। इससे बस्ती समेत इस रेलमार्ग पर यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों की सुरक्षा और मजबूत होगी।
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता के अनुसार ‘कवच’ प्रणाली का सबसे अहम पहलू यह है कि खतरे की स्थिति में यह ट्रेन को स्वत: ब्रेक लगाकर रोक सकती है। दो ट्रेनों के आमने-सामने आने या पीछे से टक्कर की आशंका होने पर यह प्रणाली लोको पायलट को चेतावनी देने के साथ जरूरत पड़ने पर स्वचालित ब्रेकिंग करती है। इससे मानवीय चूक से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि 26 अगस्त को डोमिनगढ़-जगतबेला रेलखंड पर दो ‘कवच’ युक्त लोकोमोटिव से ट्रायल किया गया था। हेडआन और रियर कोलिजन रोकने के लिए स्वचालित ब्रेकिंग का सफल परीक्षण किया गया। दोनों लोको निर्धारित दूरी से पहले ही स्वत: रुक गए। एसओएस जनरेशन का परीक्षण भी सफल रहा।
‘कवच’ के सक्रिय होने से इस रेलखंड के 14 ब्लाक सेक्शनों में ट्रेनों का संचालन अधिक सुरक्षित होगा। खासकर घने कोहरे और प्रतिकूल मौसम में यह प्रणाली ट्रेन संचालन में सुरक्षा प्रदान करेगी।
बताया कि पूर्वोत्तर रेलवे में 2,101 रूट किलोमीटर पर ‘कवच’ लगाने के लिए 787.21 करोड़ रुपये स्वीकृत हैं। प्रथम चरण में 551 रूट किलोमीटर प्रमुख रेलमार्गों पर कार्य किया जा रहा है। डोमिनगढ़-स्वामी नारायण छपिया खंड की कमीशनिंग इसी दिशा में बड़ी उपलब्धि है।
