चांदनी चौक के कूचा महाजनी में MCD का बड़ा एक्शन, 54 दुकानें सील, सुबह-सुबह कार्रवाई से व्यापारियों में हड़कंप!

चांदनी चौक के कूचा महाजनी में MCD का बड़ा एक्शन, 54 दुकानें सील, सुबह-सुबह कार्रवाई से व्यापारियों में हड़कंप!
बेसमेंट में चल रही 54 दुकानों पर निगम की सील, मॉनिटरिंग कमेटी के आदेश का हवाला; व्यापारी बोले
बिना पर्याप्त समय दिए कार्रवाई क्यों?
प्राइम इंडिया न्यूज संवाददाता अजीत कुमार दिल्ली ।
दिल्ली के दिल चांदनी चौक स्थित कूचा महाजनी ज्वेलरी मार्केट में बृहस्पतिवार सुबह दिल्ली नगर निगम की अचानक कार्रवाई से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। MCD की टीम ने बेसमेंट में बनी 54 दुकानों को सील कर दिया। सुबह-सुबह बड़ी संख्या में निगम अधिकारियों और कर्मचारियों के पहुंचने के बाद बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
निगम की ओर से बताया गया कि यह कार्रवाई मॉनिटरिंग कमेटी के पुराने आदेशों के तहत की गई है। वहीं व्यापारियों का आरोप है कि उन्हें पर्याप्त समय नहीं दिया गया और अचानक दुकानें सील कर दी गईं। व्यापारियों का यह भी सवाल है कि यदि इन दुकानों को लेकर नियमों का उल्लंघन पहले से सामने था, तो कार्रवाई इतने लंबे समय बाद क्यों हुई?
सत्य निकेतन हादसे के बाद दिल्ली में अवैध निर्माण और बेसमेंट के इस्तेमाल को लेकर प्रशासनिक कार्रवाई तेज होने के बीच कूचा महाजनी की यह कार्रवाई भी चर्चा में है। अब बड़ा सवाल यह है कि जिन निर्माणों और बेसमेंट के इस्तेमाल पर आज कार्रवाई हो रही है, उनकी निगरानी और जांच पहले क्यों नहीं की गई?
कार्रवाई के बाद व्यापारियों के सामने रोजी-रोटी और कारोबार से जुड़े सवाल खड़े हो गए हैं। ऐसे में MCD और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से यह स्पष्ट करने की मांग उठ रही है कि 54 दुकानों को सील करने का पूरा आधार क्या है, मॉनिटरिंग कमेटी का आदेश कब का है और व्यापारियों को कार्रवाई से पहले क्या-क्या अवसर दिए गए थे।
फिलहाल कूचा महाजनी की इस बड़ी सीलिंग कार्रवाई ने एक बार फिर दिल्ली के बाजारों में नियमों, बेसमेंट के इस्तेमाल और MCD की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
