86वें बौद्ध महोत्सव की तैयारियों का डीएम-एसपी ने रात 11 बजे लिया जायजा ।

86वें बौद्ध महोत्सव की तैयारियों का डीएम-एसपी ने रात 11 बजे लिया जायजा
धम्मालोको बौद्ध विहार में व्यवस्थाओं का संयुक्त निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं पर दिया जोर
दीपचंद्र दीक्षित ब्यूरो
फर्रुखाबाद। 86वें बौद्ध महोत्सव संकिसा (बौद्ध मेला) को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने रविवार रात 11 बजे धम्मालोको बौद्ध विहार प्रांगण में संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मेला परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। परिसर में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और आवागमन के मार्गों को दुरुस्त रखा जाए। संभावित भीड़ को देखते हुए सभी आवश्यक इंतजाम समय से सुनिश्चित किए जाएं, ताकि मेले में अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेला परिसर और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी रखी जाए। भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, पार्किंग तथा प्रवेश और निकास मार्गों पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक समन्वय बनाए रखा जाए।
डीएम और एसपी ने अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करने तथा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। आयोजन के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी विभागों को जिम्मेदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा।
रात्रि निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
