दुमका के मसलिया थाना परिसर में दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक संपन्न, हुड़दंगियों पर रहेगी पैनी नजर ।

दुमका के मसलिया थाना परिसर में दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक संपन्न, हुड़दंगियों पर रहेगी पैनी नजर ।
प्राइम इंडिया न्यूज | दुमका
दुमका आगामी दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को मसलिया थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता मसलिया के अंचलाधिकारी रंजन कुमार और थाना प्रभारी राजेश रंजन ने की। बैठक में क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण इलाकों से आए शांति समिति के सदस्यों, प्रबुद्ध नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया तथा अपने विचार साझा किए।बैठक को संबोधित करते हुए मसलिया थाना प्रभारी राजेश रंजन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पूजा के दौरान उपद्रवियों और हुड़दंगियों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।
उन्होंने स्टंट करने वाले बाइक सवारों के खिलाफ कड़े कदम उठाने की बात कही। थाना प्रभारी ने ग्रामीणों और समिति के सदस्यों से अपील करते हुए कहा,यदि क्षेत्र में कहीं भी कोई बाइकर्स खतरनाक स्टंटबाजी करते या हीरोपंती दिखाते हुए लोगों के लिए परेशानी का सबब बनते हैं, तो उनका विरोध करने के बजाय तुरंत उनके बाइक के नंबर प्लेट का फोटो खींचकर पुलिस को भेजें। ऐसे तत्वों पर त्वरित और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि त्योहार मनोरंजन के लिए होता है, लेकिन मनोरंजन ऐसा न हो जिससे किसी बुजुर्ग या बीमार व्यक्ति को असुविधा हो। ध्वनि प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए उन्होंने पूजा पंडालों में लाउडस्पीकर और साउंड सिस्टम की आवाज धीमी रखने की हिदायत दी, ताकि हृदय रोगियों और बुजुर्गों को तकलीफ न पहुंचे।वही डीजे पर पूर्ण पाबंदी की बात कही।
अंचलाधिकारी रंजन कुमार ने सभी पूजा समितियों से अपील की कि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करें। उन्होंने पंडालों में अग्निशमन, प्राथमिक चिकित्सा किट की व्यवस्था सुनिश्चित करने और भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त संख्या में वॉलंटियर्स की तैनाती करने का निर्देश दिया।बैठक में वक्ताओं ने दोहराया कि मसलिया में हमेशा से दुर्गा पूजा आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की समृद्ध परंपरा रही है, जिसे इस वर्ष भी पूरी निष्ठा से बनाए रखा जाएगा।मौके पर विधायक प्रतिनिधि निश्चित वरण गोलदार, प्रखंड प्रमुख वासुदेव टुडू,अशीत वरण गोलदार, जयदेव दत्ता,शिव संकर सिंह,रामबली साह,ओमप्रकाश गुप्ता के आलावे दर्जनों लोग मौजूद रहे।
