रिटायर शिक्षक पर गोली चलाने वाला अपराधी 24 घंटे में गिरफ्तार, इटालियन पिस्टल समेत हथियार और कारतूस बरामद ।

रिटायर शिक्षक पर गोली चलाने वाला अपराधी 24 घंटे में गिरफ्तार, इटालियन पिस्टल समेत हथियार और कारतूस बरामद ।
प्राइम इंडिया न्यूज
हजारीबाग।
हजारीबाग जिले के पदमा ओपी क्षेत्र में सेवानिवृत्त शिक्षक रामजय कुमार महथा पर गोली चलाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के अंदर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार अपराधकर्मी के पास से एक लोडेड इटालियन पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस, दो मिस फायर गोली और दो खोखा बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, 6 सितंबर की सुबह करीब 8:30 बजे रिटायर शिक्षक रामजय कुमार महथा शेविंग कराने के बाद मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार अपराधकर्मियों ने उन पर दो राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से रामजय कुमार महथा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बरही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर ग्राम जिहु में छापेमारी कर कृष्णा महतो उर्फ महेश महतो को उसकी बहन यशोदा देवी के घर से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि सेवानिवृत्त शिक्षक रामजय कुमार महथा के साथ उसका पूर्व से आपसी विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर बदला लेने के उद्देश्य से उसने घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से पिस्टल के अलावा एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 40 वर्ष है और वह पदमा ओपी क्षेत्र के सूरजपुरा गली नंबर-1 का रहने वाला है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में नाम सामने आ चुका है। उसके खिलाफ बरही-पदमा, सरायकेला आरआईटी समेत अन्य थाना क्षेत्रों में मामले दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य अपराधकर्मियों की भूमिका और हथियार के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
