कल्याणपुरी में नशे के खिलाफ विधायक कुलदीप कुमार का सबसे बड़ा जनआंदोलन! ।
कल्याणपुरी में नशे के खिलाफ विधायक कुलदीप कुमार का सबसे बड़ा जनआंदोलन! ।″
आम आदमी पार्टी के विधायक ने हजारों लोगों के साथ थाना कल्याणपुरी तक किया मार्च, बोले—बच्चों और युवाओं का भविष्य बर्बाद करने वालों को अब कल्याणपुरी में नहीं रहने देंगे!
प्राइम इंडिया न्यूज अजीत कुमार: दिल्ली
पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी में बढ़ते अपराध और कथित नशे के अड्डों के खिलाफ आम आदमी पार्टी के विधायक कुलदीप कुमार ने जनता की लड़ाई को अपना संघर्ष बनाते हुए ऐसा मोर्चा संभाला, जिसने पूरे इलाके में एक बड़ा संदेश दिया। आज हजारों की संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग, युवा और स्थानीय लोग विधायक कुलदीप कुमार के नेतृत्व में सड़कों पर उतरे और थाना कल्याणपुरी तक विशाल मार्च निकालकर अपराध और नशे के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की मांग की।
कल्याणपुरी की सड़कों पर आज सिर्फ लोगों की भीड़ नहीं थी, बल्कि अपने बच्चों और युवाओं के भविष्य को लेकर चिंतित जनता का आक्रोश था। इस आक्रोश के बीच आम आदमी पार्टी के विधायक कुलदीप कुमार सबसे आगे खड़े नजर आए। उन्होंने जनता की आवाज को सिर्फ सुना नहीं, बल्कि उसे अपनी आवाज बनाकर पुलिस और प्रशासन तक पहुंचाया। यही एक जनप्रतिनिधि की असली पहचान होती है जब जनता परेशान हो तो वह सिर्फ बयान जारी करने के बजाय जनता के बीच खड़ा हो और उनकी लड़ाई को अपनी जिम्मेदारी समझे।
कुलदीप कुमार ने यह साबित करने की कोशिश की कि विधायक होने का मतलब सिर्फ विधानसभा में बैठना या चुनाव के समय जनता के बीच जाना नहीं है, बल्कि हर उस मोड़ पर लोगों के साथ खड़ा होना है जहां जनता को अपने अधिकार, सुरक्षा और भविष्य के लिए संघर्ष करना पड़ रहा हो। कल्याणपुरी में आज यही तस्वीर देखने को मिली, जहां विधायक और जनता एक साथ, एक आवाज और एक संकल्प के साथ नशे के खिलाफ सड़क पर उतरे।
मार्च के दौरान लोगों ने पुलिस और प्रशासन से मांग की कि इलाके में चल रहे बताए जा रहे कथित नशे के अड्डों की गंभीरता से जांच कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि नशे का जाल सबसे ज्यादा युवा पीढ़ी को प्रभावित करता है और यदि समय रहते इसे नहीं रोका गया तो आने वाली पीढ़ी को इसका भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
विधायक कुलदीप कुमार की इस मुहिम ने उन जनप्रतिनिधियों के सामने भी एक सवाल खड़ा कर दिया है, जो जनता की समस्याओं के समय सिर्फ सोशल मीडिया, बयानबाजी और फोटो तक सीमित रह जाते हैं। कल्याणपुरी में आज एक विधायक हजारों लोगों के साथ सड़क पर थे , थाने तक मार्च कर रहा थे और जनता के बीच यह भरोसा पैदा कर रहे थे कि उनकी आवाज अकेली नहीं है।
प्रदर्शन के दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और भाजपा सरकार की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए गए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि भाजपा की चार इंजन वाली सरकार के दावों के बावजूद यदि लोगों को अपराध और नशे के खिलाफ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करना पड़ रहा है तो जिम्मेदारों को जवाब देना होगा।
जनता ने साफ चेतावनी दी कि यदि कल्याणपुरी में कथित नशे के अड्डों और अपराध पर जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो यह आंदोलन यहीं नहीं रुकेगा। आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर अगला मार्च मुख्यमंत्री आवास तक पहुंचाया जाएगा।
आज कल्याणपुरी ने एक ऐसी तस्वीर देखी, जहां जनता अकेली नहीं थी—उसके साथ उसका विधायक खड़ा था। आम आदमी पार्टी के विधायक कुलदीप कुमार ने नशे के खिलाफ इस लड़ाई में आगे आकर यह संदेश दिया कि जनता की सुरक्षा, बच्चों का भविष्य और युवाओं को नशे से बचाने की लड़ाई किसी राजनीति से बड़ी है।
कल्याणपुरी की जनता का साफ संदेश—नशे के अड्डे बंद करो, अपराध पर लगाम लगाओ… क्योंकि अब जनता जाग चुकी है और उसके साथ सड़क पर खड़ा है उसका विधायक कुलदीप कुमार!
