छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा का हल्लाबोल, छतरपुर के जपला मोड़ पर सड़क जाम

छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा का हल्लाबोल, छतरपुर के जपला मोड़ पर सड़क जाम ।
प्राइम इंडिया न्यूज संवाददाता
छोटू कुमार
छतरपुर, पलामू। छात्रों के आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को छतरपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं का आक्रोश सड़क पर देखने को मिला। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जपला मोड़ पर सड़क जाम कर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के चलते मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही और सड़क के दोनों ओर बड़े वाहनों की कतार लग गई।
प्रदर्शनकारियों ने छात्रों पर कथित लाठीचार्ज की घटना को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना था कि अपने अधिकारों और मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों की आवाज दबाने के बजाय सरकार को उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि छात्रों के साथ हुई पुलिस कार्रवाई लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक है। उन्होंने सरकार से पूरे मामले की जवाबदेही तय करने और छात्रों के हित में उचित कदम उठाने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष सुधीर सिन्हा ने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज को दबाने की कोशिश किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
वहीं मनोज गुप्ता, कमलेश गुप्ता, चंदन यादव, अनिल सिंह और भीम व्यास समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल रहे। कार्यकर्ताओं ने छात्रों के समर्थन में नारे लगाए और सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
सड़क जाम के कारण जपला मोड़ पर कुछ समय तक यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि छात्रों के अधिकार और भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी आगे भी आवाज उठाती रहेगी।
