March 12, 2026

एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा, कालाबाजारी व जमाखोरी रोकने को 15 टीमें गठित

एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा, कालाबाजारी व जमाखोरी रोकने को 15 टीमें गठित

डीएम ने ली गैस आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा, उपजिलाधिकारियों को नियमित निरीक्षण के निर्देश

पौड़ी- जनपद में एलपीजी गैस सिलेंडरों की सुचारु आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। बैठक में गैस सिलेंडरों की उपलब्धता, वितरण प्रणाली, स्टॉक की स्थिति तथा कालाबाजारी और जमाखोरी पर नियंत्रण से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की गयी।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में घरेलू गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है तथा शैक्षणिक संस्थानों और अस्पतालों को प्राथमिकता से व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने घरेलू गैस के व्यावसायिक दुरुपयोग, कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्ती से नियंत्रण रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इन गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी के लिए जनपद में 15 टीमों का गठन किया गया है, जो उपजिलाधिकारियों के समन्वय से विभिन्न क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण और सघन चेकिंग अभियान चलाएंगी। उन्होंने बताया कि सभी गैस एजेंसियों की सूची उपजिलाधिकारियों को उपलब्ध कराने तथा एजेंसियों से प्राप्ति, वितरण और स्टॉक की दैनिक सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आपूर्ति व्यवस्था की प्रभावी निगरानी की जा सके।

जिलाधिकारी ने गैस एजेंसियों को उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर आरक्षित रखने के निर्देश दिए। साथ ही एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए तेल कंपनियों के सेल्स अधिकारियों और डिपो इंचार्ज के साथ समन्वय बनाए रखने को कहा गया। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में गैस एजेंसियों, संबंधित अधिकारियों तथा व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर स्थानीय स्तर की समस्याओं को समझें और उनके समाधान के लिए समन्वय बनाएं।

बैठक में पेट्रोल और डीजल के रिटेल आउटलेटों की स्थिति पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने इनकी जमाखोरी की आशंका को देखते हुए नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से गैस रिफिल की बुकिंग न करें और केवल आवश्यकता के अनुसार ही सिलेंडर बुक करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके। उन्होंने बताया कि जनपद में एलपीजी गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है तथा विभाग द्वारा गैस एजेंसियों के स्टॉक और वितरण की नियमित निगरानी की जा रही है। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

जिले में गैस आपूर्ति के नोडल अधिकारी मयंक सैनी ने बताया कि जनपद में घरेलू गैस की आपूर्ति व्यवस्थित रूप से जारी है तथा निर्धारित योजना के अनुसार वितरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान स्टॉक संतोषजनक है और बुकिंग के आधार पर डिजिटल माध्यम से भी आपूर्ति की निगरानी की जा रही है।

बैठक में सभी उपजिलाधिकारी तथा पूर्ति निरीक्षक वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.