SIR अभियान के दूसरे चरण में भाजपा का बड़ा कदम, 100 वार्डों में प्रवासी नियुक्त

लोकतंत्र की मजबूती को SIR अभियान में भाजपा की बड़ी पहल
गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी महानगर इकाई ने संगठनात्मक मजबूती के साथ लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम पहल की है। भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल के नेतृत्व में महानगर के 20 मंडलों के अंतर्गत आने वाले लगभग 100 वार्डों में प्रवासी नियुक्त किए गए हैं। यह व्यवस्था SIR अभियान के दूसरे चरण के अंतर्गत मतदाताओं को सूची से जोड़ने एवं उनका नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है।

महानगर अध्यक्ष द्वारा की गई इस रणनीतिक पहल के तहत प्रत्येक वार्ड में वरिष्ठ भाजपा नेता, वरिष्ठ पदाधिकारी एवं अनुभवी कार्यकर्ताओं को प्रवासी के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर मतदाताओं से संवाद करेंगे, उन्हें जागरूक करेंगे तथा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करेंगे।
इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ते हुए मजबूत, पारदर्शी और सहभागितापूर्ण लोकतंत्र की नींव को सुदृढ़ करना है। प्रवासी कार्यकर्ता वार्ड स्तर पर घर-घर संपर्क कर मतदाता पंजीकरण की स्थिति की समीक्षा भी करेंगे।

इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने कहा—“भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र की मजबूती को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। SIR अभियान के माध्यम से हमारा प्रयास है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से 100 वार्डों में प्रवासी नियुक्त किए गए हैं, जो संगठन और समाज के बीच सेतु बनकर कार्य करेंगे। यह अभियान न केवल संगठनात्मक शक्ति को बढ़ाएगा, बल्कि लोकतांत्रिक सहभागिता को भी नई ऊंचाई देगा।”
भाजपा महानगर द्वारा शुरू किया गया यह अभियान आने वाले दिनों में वार्ड स्तर पर व्यापक प्रभाव डालेगा और अधिक से अधिक नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने में सहायक सिद्ध होगा।
