हर माह चतुर्थ मंगलवार को लगेगा विद्यार्थी सहयोग शिविर, 25 अगस्त को जिले के 57 संस्थानों में पहला आयोजन

- हर माह चतुर्थ मंगलवार को लगेगा विद्यार्थी सहयोग शिविर, 25 अगस्त को जिले के 57 संस्थानों में पहला आयोजन ।
ओम प्रकास तिवारी
मोतिहारी। सात निश्चय-3 के तहत “सबका सम्मान-जीवन आसान” के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए अब प्रत्येक माह के चतुर्थ मंगलवार को सभी सरकारी शैक्षणिक संस्थानों में “विद्यार्थी सहयोग शिविर” का आयोजन किया जाएगा। पूर्वी चंपारण जिले में इसका पहला आयोजन 25 अगस्त 2026 को कुल 57 शैक्षणिक संस्थानों में होगा।
राज्य सरकार से प्राप्त निर्देश के आलोक में जिलाधिकारी श्री सौरभ सुमन यादव ने विद्यार्थी सहयोग शिविर के सफल संचालन के लिए प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है। चतुर्थ मंगलवार को यदि अवकाश रहता है तो शिविर का आयोजन अगले कार्य दिवस को किया जाएगा।
30 दिनों में हर परिवाद का होगा निपटारा
विद्यार्थी अपनी शिकायत अथवा समस्या विद्यार्थी सहयोग पोर्टल — sahyog.bihar.gov.in पर कभी भी ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे। पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निष्पादन की प्रक्रिया को समयबद्ध बनाया गया है। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि शिकायत प्राप्त होने के 10 दिनों के अंदर कार्रवाई एवं निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। निर्धारित अवधि में कार्रवाई नहीं होने पर प्रथम स्पष्टीकरण ऑनलाइन माध्यम से स्वतः जारी होगा। वहीं, हर हाल में पोर्टल अथवा शिविर में प्राप्त परिवाद का 30 दिनों के अंदर निष्पादन सुनिश्चित करना होगा।
57 संस्थानों में होगा आयोजन
विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन विश्वविद्यालय, अंगीभूत महाविद्यालय, अभियंत्रण महाविद्यालय, चिकित्सा महाविद्यालय, पॉलिटेक्निक, आईटीआई, पैरामेडिकल कॉलेज, नर्सिंग स्कूल सहित विभिन्न सरकारी शैक्षणिक संस्थानों एवं छात्रावासों में किया जाएगा। इसके अलावा पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के छात्रावास, कस्तूरबा गांधी छात्रावास और समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित नेत्रहीन-मूकबधिर विद्यालय भी इसके दायरे में होंगे।
पदाधिकारियों एवं संस्थान प्रतिनिधियों को दिया गया प्रशिक्षण
विद्यार्थी सहयोग शिविर को लेकर पूर्वी चंपारण समाहरणालय स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद सभागार में संबंधित पदाधिकारियों एवं शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थी सहयोग पोर्टल की तकनीकी एवं संचालन संबंधी जानकारी दी गई तथा शिकायतों के समयबद्ध निष्पादन की प्रक्रिया समझाई गई।
शिक्षा सुधार के सुझाव भी होंगे संकलित
विद्यार्थी सहयोग पोर्टल एवं शिविर के माध्यम से शैक्षणिक सुधार से संबंधित प्राप्त सुझावों को संबंधित प्रशासी विभाग द्वारा समेकित किया जाएगा। उपलब्ध योजनाओं के अंतर्गत लागू किए जा सकने वाले सुझावों पर विभागीय स्तर से निर्धारित अवधि में कार्रवाई की जाएगी। वहीं, अन्य सुझावों पर उच्च स्तरीय शिक्षा सुधार समिति विचार कर निर्णय लेगी।
असंतुष्ट विद्यार्थी मुख्यमंत्री स्तर पर रख सकेंगे अपनी बात
निस्तारित शिकायत के समाधान से असंतुष्ट विद्यार्थी संबंधित परिवाद की पुनः सुनवाई की मांग कर सकेंगे। ऐसे मामलों की सुनवाई मुख्यमंत्री, बिहार के स्तर पर प्रत्येक माह के द्वितीय मंगलवार को आयोजित राज्य स्तरीय शिविर में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार की जाएगी।
जिला स्तर पर तीन सदस्यीय समिति गठित
विद्यार्थी सहयोग शिविर से संबंधित तैयारियों, अनुश्रवण एवं पर्यवेक्षण के लिए जिला स्तर पर समिति गठित की गई है। समिति में श्री मुकेश कुमार सिंह, अपर समाहर्ता, पूर्वी चंपारण; निधि कुमारी, वरीय उप समाहर्ता, पूर्वी चंपारण; तथा श्री राजन कुमार गिरी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, पूर्वी चंपारण शामिल हैं।
प्रशासन का उद्देश्य है कि विद्यार्थियों की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित हो तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए विद्यार्थियों के सुझावों को भी प्रभावी रूप से शासन तक पहुंचाया जा सके।
