झारखण्ड जामताड़ा में कोयला चोरों का आतंक, होमगार्ड जवान को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा ।

जामताड़ा में कोयला चोरों का आतंक, होमगार्ड जवान को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा
कोयला चोरी रोकने पर हुआ हमला, पुलिस ने रेस्क्यू कर होमगार्ड जवान को छुड़ाया; ग्रामीणों ने भी लगाए मारपीट के आरोप
झारखण्ड: जामताड़ा शहर स्थित ईसीएल रेलवे साइडिंग में शनिवार सुबह कोयला चोरी रोकने के दौरान होमगार्ड जवान पर हमला और उसे बंधक बनाए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, सुबह बड़ी संख्या में लोग रेलवे साइडिंग से कोयला चोरी करने पहुंचे थे। ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवानों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई और मामला हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि हमलावरों ने होमगार्ड जवान मिलन दास को बंधक बनाकर पास के गांव ले गए, जहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। घायल जवान के शरीर पर चोट के कई निशान हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। इसके बाद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज महतो पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। इस दौरान उनके साथ भी कथित तौर पर बदसलूकी की गई। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने होमगार्ड जवान को सुरक्षित छुड़ाकर थाना पहुंचाया। घटना के संबंध में होमगार्ड की ओर से थाना में लिखित आवेदन दिया जा रहा है। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि होमगार्ड जवानों ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया एक युवकों के साथ मारपीट भी की, जिससे स्थिति बिगड़ गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की जाएगी तथा दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
