सेना पर मंत्री जगत सिंह नेगी की टिप्पणी की कड़ी निंदा, नाथू राम चौहान ने कांग्रेस से की देश से माफी मांगने की मांग !

सेना पर मंत्री जगत सिंह नेगी की टिप्पणी की कड़ी निंदा, नाथू राम चौहान ने कांग्रेस से की देश से माफी मांगने की मांग !
नाहन। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के भीतर कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा भारतीय सेना के विरुद्ध दिए गए कथित विवादित बयान पर सामाजिक संगठनों में भी गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है। शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को सिरमौर से जारी एक कड़े बयान में जस्टिस फॉर देव आत्मा हिमालय के संस्थापक नाथू राम चौहान ने इस टिप्पणी को अत्यंत अशोभनीय, अमर्यादित, निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कहा है कि यह बयान देश के वीर सैनिकों की शौर्य, वीरता, बहादुरी और शहादत का घोर अपमान है, जिससे जवानों का मनोबल टूटता है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सदन में यह बयान दिया जा रहा था, तब वहां मौजूद मुख्यमंत्री, संसदीय कार्य मंत्री और मंत्रिमंडल के किसी भी सदस्य ने उन्हें रोकने का प्रयास तक नहीं किया, जिससे यह संदेह पैदा होता है कि क्या पूरी कांग्रेस पार्टी इस देशविरोधी बयान का समर्थन करती है।
नाथू राम चौहान ने मांग की है कि इस गंभीर चूक के लिए पूरी कांग्रेस पार्टी को देश से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए और इस आपत्तिजनक टिप्पणी को विधानसभा की कार्यवाही से तुरंत हटाया जाना चाहिए। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि पूरे देश में इस बयान की तीखी आलोचना होने के बावजूद जब विपक्ष ने सदन में इस विषय पर संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान से जवाब मांगा, तो उनका यह कहना और भी अधिक दुर्भाग्यपूर्ण है कि इसमें क्या गलत है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के विरोध और पाकिस्तान के समर्थन जैसे प्रतीत होने वाले इस बयान में संसदीय कार्य मंत्री को भी कुछ गलत नजर न आना यह दर्शाता है कि इस मामले में दाल में कुछ काला नहीं बल्कि पूरी की पूरी दाल ही काली है।
