November 3, 2026

शाहरुख खान का संघर्ष बॉलीवुड के इतिहास में सबसे प्रेरणादायक और मशहूर आउटसाइडर स्टोरी माना जाता है।

शाहरुख खान का संघर्ष बॉलीवुड के इतिहास में सबसे प्रेरणादायक और मशहूर आउटसाइडर स्टोरी माना जाता है।

*happy Birthday King 👑 Khan*
*शाहरुख के बारे में वो झूठ जो सबसे ज़्यादा बोला जाता है……….*.

शाहरुख खान का संघर्ष बॉलीवुड के इतिहास में सबसे प्रेरणादायक और मशहूर आउटसाइडर स्टोरी माना जाता है। उनके बारे में अक्सर कहा जाता है कि वे बिना किसी गॉडफादर के केवल अपनी जेब में 20, 50 रुपए लेकर दिल्ली से मुंबई आए थे और आज दुनिया के सबसे अमीर अभिनेताओं में से एक हैं।

लेकिन अक्सर सोशल मीडिया पर उनके बैकग्राउंड को लेकर सवाल उठते रहे हैं कि अगर वे इतने ही गरीब थे, तो उनके पास सेंट कोलंबस जैसे महंगे स्कूल की फीस भरने के पैसे कैसे नहीं थे?
जबकि उनकी मां लतीफ फातिमा खान अपने जमाने की एक बेहद शिक्षित महिला थीं, और दिल्ली में फर्स्ट क्लास मजिस्ट्रेट थीं। इतना ही नहीं, उनके तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से भी अच्छे संबंध थे और शाहरुख के नाना एक बड़े सिविल इंजीनियर के साथ-साथ स्वतंत्रता सेनानी भी थे।

पहली नजर में यह बात Contradictory लगती है कि एक तरफ मां मजिस्ट्रेट थीं, पिता का भी अच्छा-खासा बिजनेस था, और दूसरी तरफ स्कूल की फीस भरने के पैसे नहीं थे।

इस बात को समझने के लिए हमें थोड़ा फ्लैशबैक में जाना पड़ेगा।

यह बात सच है कि शाहरुख खान का फैमिली बैकग्राउंड बहुत स्ट्रॉन्ग था। लेकिन उनके घर में समस्या तब शुरू हुई जब उनके पिता मीर ताज मोहम्मद ने कई अलग-अलग बिजनेस करने शुरू किए, लेकिन वे किसी में भी सफल नहीं हुए। इसका नतीजा यह हुआ कि उनका परिवार कर्ज के दलदल में फंस गया और बैंक करप्शन की हालत में आ गया।

जब उनकी मां मजिस्ट्रेट बनीं, तब तक परिवार पर पिता के फेल बिजनेसों का बहुत बड़ा आर्थिक बोझ आ चुका था। मां की सरकारी सैलरी का एक बड़ा हिस्सा उस कर्ज का ब्याज और किश्तें चुकाने में ही चला जाता था। आज के समय में जैसे जजों और मजिस्ट्रेटों को बहुत अच्छी सैलरी और भत्ते मिलते हैं, 1980 के दशक में सरकारी अधिकारियों की तनख्वाह उतनी नहीं हुआ करती थी। उस दौर में एक मजिस्ट्रेट को रुतबा, गाड़ी और बंगला जैसी सुविधाएं तो मिल जाती थीं, लेकिन हाथ में आने वाला पैसा इतना नहीं होता था कि उससे एक लग्जरी लाइफ जी जा सके या भारी कर्ज चुकाया जा सके।

रही-सही कसर तब पूरी हो गई जब शाहरुख के पिता को कैंसर हो गया। 1980 के दशक में कैंसर का इलाज बेहद महंगा और रेयर था। उनके पिता को जीभ का कैंसर था। उनके इलाज, महंगे इंजेक्शनों और अस्पताल के बिलों ने परिवार की रही-सही बचत भी पूरी तरह खत्म कर दी।

उस समय शाहरुख खान जिस सेंट कोलंबस स्कूल में पढ़ते थे, वह दिल्ली का एक बेहद वीआईपी और महंगा प्राइवेट कैथोलिक स्कूल था। शाहरुख ने खुद एक इंटरव्यू में बताया था कि उनकी मां मजिस्ट्रेट थीं, लेकिन पिता के इलाज और बिजनेस के घाटे के कारण कई बार उनके पास स्कूल की फीस भरने के पैसे नहीं होते थे। उन्हें स्कूल से कई बार वार्निंग लेटर मिलते थे, जिसे देखकर उनकी मां बहुत परेशान हो जाती थीं।

शाहरुख के परिवार की आर्थिक स्थिति “Asset Rich, Cash Poor” वाली थी….यानी उनके पास मजिस्ट्रेट की गाड़ी थी, दिल्ली के पॉश इलाके में घर था, समाज में इज्जत थी, लेकिन रोजमर्रा के खर्चों, पिता के इलाज और बच्चों की महंगी स्कूल फीस के लिए हाथ में कैश नहीं बचता था।

इस हीनभावना से बचने के लिए शाहरुख ने अपना पूरा ध्यान पढ़ाई, स्पोर्ट्स और थिएटर में लगा दिया। वे स्कूल के सबसे पॉपुलर स्टूडेंट बन गए और उन्हें स्कूल का सर्वोच्च सम्मान ‘सॉर्ड ऑफ ऑनर’ भी मिला।
इस अवॉर्ड ने शाहरुख को यह विश्वास दिलाया कि वे किसी भी फील्ड में अपनी मेहनत के दम पर सबसे आगे निकल सकते हैं।

स्कूल खत्म करने के बाद शाहरुख खान ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के मशहूर हंसराज कॉलेज में दाखिला लिया, जहाँ उन्होंने इकोनॉमिक्स की पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया से मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स करने के लिए एडमिशन लिया, लेकिन एक्टिंग के शौक के कारण वे इसे पूरा नहीं कर सके।

कॉलेज के दिनों में ही शाहरुख खान ने थिएटर ग्रुप्स ज्वाइन कर लिए थे। इसी दौरान मशहूर गजल गायक पंकज उधास का दिल्ली में एक कॉन्सर्ट था। शाहरुख ने वहां एक गाइड के रूप में काम किया, जिसके लिए उन्हें 50 रुपये मिले थे। यह उनके जीवन की पहली कमाई थी।

कॉलेज के शुरुआती सालों में ही उनके पिता का निधन हो चुका था। घर की माली हालत खराब थी, इसलिए शाहरुख शाम को बच्चों को ट्यूशन भी पढ़ाते थे ताकि अपनी पॉकेट मनी निकाल सकें और मां की मदद कर सकें। यही वह दौर था जब शाहरुख खान को समझ आ गया था कि उन्हें एक्टिंग को ही अपना करियर बनाना है।

शाहरुख ने दिल्ली में बैरी जॉन के थिएटर ग्रुप टैग में काम करना शुरू किया। बैरी जॉन उनके पहले एक्टिंग गुरु बने। शाहरुख साइकिल या दोस्तों की मदद से रिहर्सल के लिए मंडी हाउस जाते थे। उनके पास इतने पैसे नहीं होते थे कि वे हर दिन बस या ऑटो का किराया दे सकें।

दिल्ली के इसी थिएटर और कॉलेज के संघर्ष ने उन्हें फौजी सीरियल तक पहुँचाया, जहाँ से उनकी किस्मत हमेशा के लिए बदल गई। लेकिन फौजी सीरियल भी इतनी आसानी से नहीं मिला था।

दिल्ली में जब शाहरुख थिएटर कर रहे थे, तब कर्नल राज कुमार कपूर जो भारतीय सेना से रिटायर्ड थे, एक टीवी सीरियल बना रहे थे जिसका नाम था फौजी। कर्नल कपूर को अपने सीरियल के लिए कुछ ऐसे नौजवान लड़कों की तलाश थी जो फुर्तीले हों और फौजियों की तरह दिखें। शाहरुख खान के एक दोस्त के पिता जो कर्नल कपूर के परिचित थे ने शाहरुख का नाम सुझाया।

कर्नल कपूर ने जब शाहरुख और दूसरे लड़कों को बुलाया, तो उन्होंने कोई एक्टिंग का ऑडिशन नहीं लिया। उन्होंने सभी लड़कों को मैदान में दौड़ाया। शाहरुख स्पोर्ट्समैन थे, इसलिए वे दौड़ में सबसे आगे रहे। कर्नल कपूर उनकी फिटनेस और हाजिरजवाबी से बहुत प्रभावित हुए।

शुरुआत में शाहरुख खान को सिर्फ एक साइड रोल दिया गया था। लीड रोल के लिए किसी और को चुना गया था। लेकिन जब कर्नल कपूर ने कैमरा टेस्ट किया, तो उन्हें लगा कि कैमरा शाहरुख को बहुत ज्यादा पसंद कर रहा है। शाहरुख की एनर्जी इतनी जबरदस्त थी कि कर्नल कपूर ने स्क्रिप्ट बदलकर उन्हें ही सीरियल का मेन हीरो बना दिया।

जब 1988 में फौजी दूरदर्शन पर टेलीकास्ट हुआ, तो शाहरुख खान रातों-रात पूरे देश में मशहूर हो गए। लड़कियां उनके डिम्पल्स और बिखरे बालों की दीवानी हो गईं। अब दिल्ली की सड़कों पर लोग उन्हें पहचानने लगे थे।

लेकिन उनकी मुफ़लिसी का दौर अभी खत्म नहीं हुआ था।

जब 1991 में उनकी मां बीमार हो गईं, तब डॉक्टरों ने भी जवाब दे दिया और कहा कि अगर इन्हें जीना है तो खुद लड़ना होगा।
तब शाहरुख ने अपनी मां के पास जाकर झूठ बोलना शुरू कर दिया कि,
“अगर आप चली गईं तो मैं अपनी बहन का ध्यान नहीं रखूंगा, मैं पढ़ाई छोड़ दूंगा और खूब शराब पीऊंगा।”
शाहरुख को लगा कि उनका यह गुस्सा देखकर मां जीने के लिए संघर्ष करेंगी, लेकिन बदकिस्मत से वे नहीं बच सकीं।

मां के देहांत के बाद सरकारी पद, सुविधाएं और सैलरी तुरंत खत्म हो गई और शाहरुख खान के पास अब अचानक मुंबई आने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा था।

लेकिन मुंबई आने के बाद तो मुश्किलें और बढ़ गईं। अब उनके पास न तो रहने का ठिकाना था और न ही पैसे। कहा जाता है कि उन्होंने अपने दोस्तों जैसे विवेक वासवानी के घर और कई बार मुंबई की सड़कों व फुटपाथों पर भी रातें बिताईं।
उन्होंने एक बार मरीन ड्राइव पर समुद्र की तरफ देखते हुए कहा था,
“एक दिन मैं इस शहर पर राज करूंगा।”
और आज उनका बंगला मन्नत उसी शहर की सबसे मशहूर इमारतों में से एक है।

शुरू में कई निर्देशकों और प्रोड्यूसर्स ने उन्हें ये कहकर मना कर दिया था कि वे हीरो जैसे नहीं दिखते। उनके बाल बिखरे रहते थे और उनका रंग-रूप साधारण था।
खुद शाहरुख ने एक इंटरव्यू में कहा था कि वे खुद को बहुत Odd-looking guy मानते थे और उन्हें लगता था कि वे विलेन के रोल के लिए ज्यादा फिट हैं।

इसीलिए जब कोई बड़ा स्टार नेगेटिव रोल करने को तैयार नहीं था, तब शाहरुख ने बाज़ीगर और डर जैसी फिल्मों में विलेन या साइको लवर के रोल किए। यह उनके करियर का सबसे बड़ा जुआ था, जिसे उन्होंने दिल से खेला और सुपरस्टार बन गए।

शाहरुख ने पहली फिल्म हेमा मालिनी के डायरेक्शन में बनी दिल आशना है साइन की थी, लेकिन इससे पहले रिलीज उनकी फिल्म दीवाना हो गई और यही उनकी ऑफिशियल डेब्यू फिल्म बन गई।

शाहरुख खान कोई झुग्गी-झोपड़ी से आए इंसान नहीं थे। वे एक बहुत ही संभ्रांत, पढ़े-लिखे और ऊंचे रसूख वाले परिवार से थे, जिन्होंने समय के फेर, पिता के बिजनेस के नुकसान और माता-पिता की गंभीर बीमारियों के इलाज के खर्च के कारण Financial Crisis देंखे।
इसलिए उनका संघर्ष एक अमीर से गरीब हुए और फिर अपने दम पर दुनिया का सबसे बड़ा स्टार बनने वाले इंसान का असली संघर्ष है।

आज इसी अमीर से ग़रीब और ग़रीब से सुपरस्टार बनने वाले एसआरके को जन्मदिन की
शुभकामनाएँ

आप भी उनके जन्मदिन पर अपनी कोई पसंदीदा फ़िल्म बता सकते हैं..

#shahrukhkhan #bollywood

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.