दिल्ली में शाहिद हुसैन उर्फ चोर हत्याकांड का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार !

🚨 दिल्ली में शाहिद हुसैन उर्फ चोर हत्याकांड का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार
तिहाड़ जेल की पुरानी रंजिश में हत्या की साजिश रचने का आरोप, फरार आरोपियों की तलाश जारी
रिपोर्ट अजीत कुमार दिल्ली ।
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के कालिंदी कुंज थाना क्षेत्र में श्रीराम चौक के पास शाहिद हुसैन उर्फ चोर की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस के अनुसार, घायल शाहिद को अपोलो अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, मृतक शाहिद हुसैन और तरुण उर्फ रंजन के बीच वर्ष 2025 में तिहाड़ जेल में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते शाहिद की हत्या की साजिश रची गई।
जांच के अनुसार, आरोपियों ने श्रीराम चौक के पास शाहिद को रास्ते में रोककर उस पर चाकू से हमला किया। वारदात को अंजाम देने और कथित साजिश में शामिल होने के आरोप में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
करण उर्फ करम शाह
अबुजर
मोनू मलिक उर्फ साबिर
गौरव गुम्मा
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की भूमिका हमले में शामिल होने, फरार होने की योजना बनाने और साजिश में सहयोग करने के संबंध में जांच के दायरे में है।
वहीं, तरुण उर्फ रंजन, अमन और राजा समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों की बरामदगी और सभी आरोपियों की भूमिका स्पष्ट करने के लिए आगे की जांच जारी है।
