October 29, 2026

अपर जिलाधिकारी ने खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील ।

अपर जिलाधिकारी ने खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील ।

*29 एवं 30 अक्टूबर को आँधी-तूफान, ओलावृष्टि एवं वज्रपात के साथ भारी वर्षा की संभावना, मौसम विभाग ने जारी किया ऐलो अलर्ट*

 

*अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) अंजनी कुमार सिंह ने आमजन से सतर्कता एवं सावधानी बरतने की अपील की*

 

*अपर जिलाधिकारी ने खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की*

 

*गाजियाबाद।* मौसम विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा जनपद गाजियाबाद में दिनांक 29 अक्टूबर से 30 अक्टूबर 2026 तक आँधी-तूफान, ओलावृष्टि एवं वज्रपात के साथ भारी वर्षा होने की संभावना व्यक्त करते हुए ऐलो अलर्ट जारी किया गया है। इस संबंध में अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) श्री अंजनी कुमार सिंह ने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतें तथा अपनी एवं अपने परिवार की सुरक्षा का ध्यान रखें।

उन्होंने अपील की है कि आमजन रेडियो, टेलीविजन एवं सोशल मीडिया के माध्यम से मौसम संबंधी नवीनतम जानकारी प्राप्त करते रहें। अत्यंत आवश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलें तथा आँधी-तूफान एवं ओलावृष्टि के दौरान यात्रा करने से बचें। पुराने एवं जर्जर भवनों, कच्ची दीवारों से दूर रहें तथा पेड़ों के नीचे शरण न लें। विद्युत तारों एवं विद्युत पोल के नीचे अथवा आसपास खड़े न हों। निर्माण कार्यों में प्रयोग किए जाने वाले टीन शेड आदि को मजबूती से बाँधकर रखें तथा उनसे पर्याप्त दूरी बनाए रखें।

अपर जिलाधिकारी ने कृषकों से अपील की है कि खेतों में पहले से कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थान पर रखकर ढक दें तथा भारी वर्षा एवं ओलावृष्टि के दौरान खेतों में जाने से बचें। खराब मौसम के दौरान बच्चों एवं बुजुर्गों को घर के अंदर सुरक्षित रखें। मौसम संबंधी जानकारी के लिए गूगल प्ले स्टोर से ‘सचेत’ ऐप डाउनलोड किया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की चिकित्सीय सहायता की आवश्यकता होने पर टोल फ्री नंबर 108 एवं 102 पर कॉल कर सहायता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने समस्त जनपदवासियों से अपील की है कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी को गंभीरता से लें तथा किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए निर्धारित सावधानियों का पालन करें।

 

अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०), गाजियाबाद।

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.