NH राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे होटल-ढाबों में पुलिस की औचक छापेमारी, 30 बोतल अवैध शराब जब्त ।

NH किनारे होटल-ढाबों में पुलिस की औचक छापेमारी, 30 बोतल अवैध शराब जब्त ।
छतरपुर अनुमंडल के 11 होटल-ढाबों में हुई जांच, उत्पाद विभाग को कार्रवाई के लिए भेजा गया पत्र
प्राइम इंडिया न्यूज संवाददाता मेदिनीनगर/छतरपुर, 8 सितंबर। पलामू जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) एवं प्रमुख मार्गों के किनारे संचालित होटल और ढाबों में अवैध शराब की बिक्री व भंडारण के खिलाफ पुलिस ने विशेष एवं औचक छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर सोमवार रात जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ अभियान चलाकर होटल-ढाबों की सघन जांच की गई।
अभियान के दौरान विशेष रूप से NH और प्रमुख सड़कों के किनारे स्थित होटल एवं ढाबों को जांच के दायरे में लिया गया। पुलिस टीमों ने शराब के अवैध भंडारण और बिक्री की रोकथाम को लेकर तलाशी ली तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।
इसी क्रम में छतरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार के नेतृत्व में अनुमंडल क्षेत्र के कुल 11 होटल-ढाबों की जांच की गई। जांच के दौरान कुछ स्थानों से अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने कुल 30 शराब की बोतलें जब्त कीं।

पुलिस के अनुसार बरामद अवैध शराब के मामले में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग को पत्राचार किया गया है।
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने का भी प्रयास
पुलिस का कहना है कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य शराब के सेवन से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, सार्वजनिक स्थानों पर नशे के कारण होने वाली अप्रिय घटनाओं को रोकना तथा असामाजिक और शरारती तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने स्पष्ट किया है कि होटल, ढाबे अथवा किसी अन्य स्थान पर अवैध शराब की बिक्री और भंडारण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे तत्वों के खिलाफ आगे भी लगातार विशेष एवं औचक अभियान चलाकर कठोर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
