October 22, 2026

कायाकल्प अभियान की समीक्षा, समय-सीमा में सार्वजनिक परिसंपत्तियों की मरम्मत का निर्देश !

कायाकल्प अभियान की समीक्षा, समय-सीमा में सार्वजनिक परिसंपत्तियों की मरम्मत का निर्देश !

कायाकल्प अभियान की समीक्षा, समय-सीमा में सार्वजनिक परिसंपत्तियों की मरम्मत का निर्देश !

मोतिहारी |सुरेन्द्र कुमार प्राइम इंडिया न्यूज़ ।

मोतिहारी। बिहार सरकार के कायाकल्प अभियान को जिले में प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित डॉ. राधाकृष्णन सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, डीसीएलआर, कार्यपालक अभियंता सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कायाकल्प अभियान के तहत ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्थित सार्वजनिक परिसंपत्तियों की मरम्मत, जीर्णोद्धार और बुनियादी सुविधाओं के उन्नयन की समीक्षा की। इनमें सामुदायिक भवन, स्वास्थ्य केंद्र, विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र और पंचायत भवन जैसी परिसंपत्तियां शामिल हैं।

 

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सरकार द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी संबंधित कार्यों को पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही, कार्यों में गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

 

उन्होंने प्रखंडों के वरीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित योजनाओं का नियमित भौतिक निरीक्षण करने तथा कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता पर नजर रखने का निर्देश दिया। समय-सीमा का उल्लंघन करने या कार्य में लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारियों एवं संवेदकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि सार्वजनिक परिसंपत्तियों को बेहतर बनाकर आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। कायाकल्प अभियान के माध्यम से जिले में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने और सार्वजनिक परिसंपत्तियों की स्थिति में सुधार लाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.