September 2, 2026

यूपी टी-20 2026: कानपुर में करन शर्मा के शतक से चमके काशी रुद्र, नोएडा किंग्स को 67 रन से रौंदा*

यूपी टी-20 2026: कानपुर में करन शर्मा के शतक से चमके काशी रुद्र, नोएडा किंग्स को 67 रन से रौंदा*

*यूपी टी-20 2026: कानपुर में करन शर्मा के शतक से चमके काशी रुद्र, नोएडा किंग्स को 67 रन से रौंदा*

कानपुर, 29 अगस्त (संवाददाता: राजन साहू)

यूपी टी-20 लीग 2026 के कानपुर चरण का आगाज शुक्रवार को ग्रीन पार्क स्टेडियम में धमाकेदार अंदाज में हुआ। डिफेंडिंग चैंपियन काशी रुद्र ने नोएडा किंग्स को 67 रन से हराकर न सिर्फ चार मैचों की हार का सिलसिला तोड़ा, बल्कि अंक तालिका में भी मजबूत वापसी की। विमल इलायची और एनएससी द्वारा प्रायोजित लीग के मैच-23 में काशी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 217/7 का सीजन का सबसे बड़ा स्कोर बनाया और फिर नोएडा को 150 रन पर समेट दिया।

 

*करन-गोस्वामी ने दी तूफानी शुरुआत*

टॉस जीतकर नोएडा के कप्तान प्रशांत वीर ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया, जो गलत साबित हुआ। सलामी जोड़ी करन शर्मा और अभिषेक गोस्वामी ने 57 गेंदों में 102 रन की साझेदारी कर टीम को उड़ान दी। गोस्वामी ने 34 गेंदों में 63 रन की आक्रामक पारी खेली। उनके आउट होने के बाद कप्तान करन शर्मा ने मोर्चा संभाला। खराब फॉर्म से जूझ रहे करन ने 51 गेंदों में 102 रन की तूफानी शतकीय पारी खेली। इसमें 11 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। यह लीग में उनका तीसरा शतक है। अंतिम ओवर में आउट होने से पहले उन्होंने टीम को 217/7 तक पहुंचाया। नोएडा की ओर से बॉबी यादव और नमन तिवारी ने 2-2 विकेट लिए।

 

*विजय यादव की घातक गेंदबाजी*

218 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नोएडा की शुरुआत अच्छी रही। शोएब सिद्दीकी और माधव कौशिक ने 27 गेंदों में 53 रन जोड़े। लेकिन पांचवें ओवर में ऋषभ राजपूत ने सिद्दीकी को 18 गेंदों में 30 रन पर आउट कर खेल पलट दिया। इसके बाद उभयलिंगी गेंदबाज विजय यादव ने कहर बरपाया। उन्होंने 4 ओवर में 23 रन देकर 4 विकेट झटके। कौशिक 29 गेंदों में 42 रन बनाकर उनके शिकार बने। आखिर में ऋषभ राजपूत ने 3/24 की किफायती गेंदबाजी करते हुए नमन तिवारी को बोल्ड कर नोएडा की पारी 18.4 ओवर में 150 रन पर समेट दी।

 

*खिलाड़ी और पदाधिकारी बोले*

मैच के बाद ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुने गए करन शर्मा ने कहा, “यह जीत हमारे लिए बेहद जरूरी थी। ग्रीन पार्क में हमने लय पकड़ी और उसे हाथ से नहीं जाने दिया।”

बल्लेबाजी क्रम में बदलाव पर उन्होंने कहा, “लखनऊ की पिच पर मिडिल ऑर्डर में खेलने की रणनीति काम नहीं आई। इसलिए अभिषेक के साथ फिर से पारी की शुरुआत करने का फैसला किया और पहले गेंद से ही हमला किया।” 

ऑफ सीजन में मेहनत का जिक्र करते हुए करन ने कहा, “मैंने अपने खेल पर काफी काम किया है। एक बल्लेबाज के तौर पर लगातार खुद को बेहतर करना जरूरी है।”

 

उद्घाटन समारोह में सांसद रमेश अवस्थी ने टॉस कराकर और घंटी बजाकर मैच का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि ग्रीन पार्क जैसे ऐतिहासिक मैदान पर लीग मैच होने से युवा खिलाड़ियों को बड़ा मंच मिलता है और कानपुर की क्रिकेट संस्कृति को मजबूती मिलती है। इस अवसर पर यूपीसीए सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला और लीग गवर्निंग काउंसिल सदस्य संजीव कुमार सिंह भी मौजूद रहे। लीग के गवर्निंग काउंसिल अध्यक्ष डॉ. संजय कपूर ने कहा कि अंतिम चरण में खिलाड़ियों के पास घरेलू दर्शकों के सामने खुद को साबित करने का सुनहरा मौका है।

 

काशी रुद्र अब लीग स्टेज का अपना अंतिम मैच जीतकर प्लेऑफ में मजबूत स्थिति बनाने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.