राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल में शामिल हुए अंकित तिवारी, बने उत्तर प्रदेश प्रदेश महासचिव ।

राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल में शामिल हुए अंकित तिवारी, बने उत्तर प्रदेश प्रदेश महासचिव ।
नरेंद्र भारद्वाज संवाददाता: प्राइम इंडिया न्यूज
फर्रुखाबाद/ राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल के नोएडा स्थित कैंप कार्यालय में सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में अंकित तिवारी ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) अभिषेक त्यागी की मौजूदगी में प्रदेश प्रभारी इं. मनोज त्यागी ने उन्हें उत्तर प्रदेश प्रदेश महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी।
इस अवसर पर इं. मनोज त्यागी ने कहा कि संगठन को मजबूत करने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी जा रही हैं। उन्होंने अंकित तिवारी से संगठन हित में पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई।
सदस्यता ग्रहण करने के बाद अंकित तिवारी ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में संगठन का विस्तार, नए कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ना तथा जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने का संकल्प भी दोहराया।
गौरतलब है कि अंकित तिवारी ने एक दिन पूर्व ही हिन्दू समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था। इसके अगले ही दिन राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल की सदस्यता ग्रहण करने और प्रदेश महासचिव बनाए जाने को उनके राजनीतिक जीवन का महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) अभिषेक त्यागी ने कहा कि पार्टी लगातार संगठन विस्तार की दिशा में कार्य कर रही है और समर्पित एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष पंकज अवस्थी, गौरव मिश्रा सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने नवनियुक्त प्रदेश महासचिव अंकित तिवारी का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
