नोएडा किंग्स ने यूपी टी20 लीग 2026 के 27वें मुकाबले में मेरठ मावेरिक्स को 5 विकेट से हराकर प्लेऑफ का टिकट पक्का कर लिया।

*शिवा सिंह की हैट्रिक, नोएडा किंग्स प्लेऑफ में*
_बारिश में सिमटा मैच, मेरठ मावेरिक्स को पहली हार_
*कानपुर, 31 अगस्त : संवाददाता – हरेन्द्र कुमार*
नोएडा किंग्स ने यूपी टी20 लीग 2026 के 27वें मुकाबले में मेरठ मावेरिक्स को 5 विकेट से हराकर प्लेऑफ का टिकट पक्का कर लिया। बारिश के कारण 5-5 ओवर का हुआ यह मुकाबला रविवार को ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला गया। जीत के साथ नोएडा ने टेबल टॉपर मेरठ को इस सीजन की पहली शिकस्त भी दी।
बारिश की वजह से मैच देर से शुरू हुआ। पहले इसे 15-15 ओवर का किया गया, लेकिन दो गेंद में 5 रन के बाद खेल रुक गया। बाद में मुकाबला 5-5 ओवर का किया गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेरठ की शुरुआत खराब रही। स्वस्तिक चिकारा 14 रन बनाकर रन आउट हुए। इसके बाद नोएडा के स्पिनर शिवा सिंह ने मैच एकतरफा कर दिया। शिवा ने 2.5, 2.6 और 4.1 ओवर में लगातार तीन विकेट लेकर हैट्रिक पूरी की। उन्होंने 2 ओवर में 5 रन देकर 6 विकेट झटके। उनकी घातक गेंदबाजी के आगे मेरठ 5 ओवर में 7 विकेट पर 33 रन ही बना सकी।
शिवा यूपी टी20 लीग में हैट्रिक लेने वाले कार्तिक त्यागी के बाद दूसरे गेंदबाज बने। यह इस सीजन की पहली हैट्रिक भी है।
डीएलएस नियम से नोएडा को 35 रन का लक्ष्य मिला। जवाब में नोएडा की शुरुआत भी लड़खड़ाई। माधव कौशिक पहले ही ओवर में आउट हुए। फिर इम्पैक्ट प्लेयर रवि सिंह ने 6 गेंद में 17 रन की तूफानी पारी खेलकर मैच का रुख बदला। नदीम ने एक ही ओवर में 3 विकेट लेकर रोमांच बढ़ाया, लेकिन लक्ष्य छोटा होने से नोएडा ने 3.3 ओवर में 5 विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया।
इस जीत से नोएडा के 10 मैच में 5 जीत के साथ 10 अंक हो गए हैं। वह मेरठ मावेरिक्स और लखनऊ फैल्कंस के बाद प्लेऑफ में पहुंचने वाली तीसरी टीम बनी। अब नोएडा एलिमिनेटर में अपनी चुनौती पेश करेगी।
