राजनगर एक्सटेंशन में “बुक एक्सचेंज मेले ” को लेकर जागरूकता अभियान तेज, सोसाइटियों में पहुंचा संदेश ।

राजनगर एक्सटेंशन में 28–29 मार्च के निःशुल्क पुस्तक मेले की तैयारियां चरम पर, अभिभावकों में दिखा उत्साह और भागीदारी का जोश ।इंडियन पेरेंट्स एसोसिएशन द्वारा राजनगर एक्सटेंशन ट्रस्ट एवं सहायता संपर्क समूह के सहयोग से 28 एवं 29 मार्च को ओरा कायमेरा सोसायटी, राजनगर एक्सटेंशन में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होने वाले निःशुल्क “पुस्तक एक्सचेंज मेले” की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। 
इस मेले में अधिक से अधिक अभिभावकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज राजनगर एक्सटेंशन की विभिन्न सोसाइटियों में व्यापक पोस्टर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान आरडब्ल्यूए अध्यक्षों एवं स्थानीय निवासियों से मुलाकात कर उन्हें मेले के उद्देश्य और लाभों के बारे में जानकारी दी गई। अभियान के दौरान सोसाइटी के निवासियों ने इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए मेले में बढ़-चढ़कर भाग लेने की उत्सुकता दिखाई। यह मेला न केवल अभिभावकों को महंगी किताबों के बोझ से राहत देगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इंडियन पेरेंट्स एसोसिएशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा त्यागी ने कहा,
“बुक एक्सचेंज मेला एक ऐसी पहल है जो अभिभावकों को आर्थिक राहत देने के साथ-साथ बच्चों में साझा करने और संसाधनों के सही उपयोग की भावना विकसित करता है। हमें विश्वास है कि यह अभियान समाज में एक सकारात्मक बदलाव लाएगा।”
राजनगर एक्सटेंशन ट्रस्ट के अध्यक्ष दीपांशु मित्तल ने कहा, “यह मेला केवल किताबों के आदान-प्रदान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज को जोड़ने और सहयोग की भावना को मजबूत करने का एक सशक्त माध्यम है। हम सभी निवासियों से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील करते हैं।” सहायता संपर्क के अध्यक्ष तुषार कंसल एवं कपिल शर्मा ने कहा, “हमारा प्रयास है कि कोई भी बच्चा किताबों के अभाव में पीछे न रहे। यह मेला जरूरतमंदों के लिए एक बड़ी मदद साबित होगा और समाज में समान अवसर की भावना को बढ़ावा देगा।”
सभी संगठनों ने संयुक्त रूप से अभिभावकों से अपील की है कि वे इस निःशुल्क पुस्तक एक्सचेंज मेले में भाग लेकर इस सामाजिक पहल को सफल बनाएं। इस मौके पर संजीव कुमार , दीपांशु मित्तल, तुषार कंसल , कपिल शर्मा , विवेक त्यागी आदि मौजूद रहे
सौजन्य से
इंडियन पेरेंट्स एसोसिएशन
