दिल्ली में अपराधियों के हौसले बुलंद! मयूर विहार फेज-3 की कथित हत्या पर विधायक कुलदीप कुमार ने उठाए कानून-व्यवस्था पर सवाल

दिल्ली में अपराधियों के हौसले बुलंद! मयूर विहार फेज-3 की कथित हत्या पर विधायक कुलदीप कुमार ने उठाए कानून-व्यवस्था पर सवाल ।
पिछले एक महीने में मेरी विधानसभा में 7 से 8 हत्याएं”—AAP विधायक कुलदीप कुमार का बड़ा आरोप, बोले- दिल्ली अपराध की राजधानी बनती जा रही है ।
प्राइम इंडिया न्यूज संवाददाता अजीत कुमार दिल्ली ।
दिल्ली के पूर्वी इलाके मयूर विहार फेज-3 में एक व्यक्ति की कथित हत्या की घटना को लेकर आम आदमी पार्टी के विधायक कुलदीप कुमार ने दिल्ली की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। घटना स्थल पर पहुंचकर कुलदीप कुमार ने कहा कि जिस जगह वारदात हुई, वहां एक सुरक्षा गार्ड भी मौजूद था, लेकिन उसके सामने ही हत्या कर दी गई।
कुलदीप कुमार ने कहा कि सुरक्षा गार्ड ने व्यक्ति को बचाने की कोशिश की, लेकिन ऐसी स्थिति में उसकी अपनी जान को भी खतरा हो सकता था। उन्होंने आरोप लगाया कि राजधानी में पुलिस का डर अपराधियों के बीच लगातार कम होता दिखाई दे रहा है और अपराधी कानून के भय के बिना वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
विधायक ने कहा, “आज पुलिस का डर पूरी तरह खत्म हो गया है और अपराधियों को कानून का कोई डर नहीं है। दिल्ली अपराध की राजधानी में बदलती जा रही है।”
उन्होंने अपनी विधानसभा क्षेत्र की स्थिति को लेकर भी गंभीर चिंता जताई और दावा किया कि पिछले एक महीने के दौरान उनके क्षेत्र में सात से आठ हत्याओं की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
मयूर विहार फेज-3 की इस घटना के बाद इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, मामले में पुलिस जांच और आधिकारिक कार्रवाई के बाद ही हत्या के कारणों और अन्य तथ्यों की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
