September 2, 2026

सभी किसानों को एकजुट होने का समय, नहीं तो सरकारें किसानों का शोषण करती रहेंगी — अजय कटियार ।

सभी किसानों को एकजुट होने का समय, नहीं तो सरकारें किसानों का शोषण करती रहेंगी — अजय कटियार ।

सभी किसानों को एकजुट होने का समय, नहीं तो सरकारें किसानों का शोषण करती रहेंगी — अजय कटियार ।

रजनीश कुमार संवाददाता: प्राइम इंडिया न्यूज

 

फर्रुखाबाद नवाबगंज। ग्राम सभा बराकेशव में चल रहा किसानों का अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन सोमवार को आठवें दिन भी जारी रहा। देर रात तक महिलाएं अपने छोटे-छोटे बच्चों के साथ धरना स्थल पर डटी रहीं। प्रदर्शनकारी चकबंदी विभाग पर किसानों और महिलाओं के साथ अभद्रता, उत्पीड़न तथा फसलों को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगा रहे हैं।

 

धरनारत किसानों का कहना है कि यदि चकबंदी विभाग की शिकायत पर किसानों और महिलाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो सकती है, तो किसानों की शिकायत पर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही। उनका आरोप है कि उनकी फसलों को नुकसान पहुंचाया गया, फिर भी पुलिस प्रशासन दोहरा मापदंड अपना रहा है।

 

भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिलाध्यक्ष अजय कटियार ने कहा कि ग्राम सभा बराकेशव में मानकों की अनदेखी कर चकबंदी प्रक्रिया संचालित की जा रही है, इसलिए यहां चकबंदी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग में व्यापक भ्रष्टाचार है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की कि या तो विभाग में व्यापक सुधार किया जाए अथवा इसे समाप्त करने पर विचार किया जाए।

उन्होंने बताया कि 3 सितंबर को मुख्यमंत्री के गंगापार क्षेत्र के प्रस्तावित दौरे के दौरान भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) का एक प्रतिनिधिमंडल उनसे मुलाकात कर किसानों की समस्याओं से अवगत कराएगा। प्रतिनिधिमंडल चकबंदी विभाग के अधिकारियों पर किसानों और महिलाओं से अभद्रता तथा फसलों को नुकसान पहुंचाने के मामले में एफआईआर दर्ज करने और किसानों पर दर्ज दोनों मुकदमे एक माह के भीतर वापस लेने की मांग करेगा।

 

अजय कटियार ने यह भी कहा कि चकबंदी आयुक्त द्वारा जिला अधिकारियों को किसानों की समस्याओं के समाधान तथा जनपद स्तर पर न सुलझने वाले मामलों को लखनऊ स्थित आयुक्त कार्यालय भेजने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन पत्र जारी होने के लगभग 12 दिन बाद भी जिला प्रशासन ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।

कार्यक्रम का संचालन कानपुर मंडल पूर्व सचिव अफरोज मंसूरी ने किया, जबकि अध्यक्षता दीप सिंह यादव ने की।

इस अवसर पर जिला संरक्षक छविनाथ शाक्य, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मिश्रा, जिला महासचिव अभय यादव, जिला संगठन मंत्री अरविंद गंगवार, युवा जिलाध्यक्ष अनुज राजपूत, जिला सचिव बिजनेश यादव सहित सुग्रीव पाल, शिवराम शाक्य, संजय सिंह, हिमांशु यादव, अर्पित गंगवार, ईश्वरदयाल राजपूत, झांसी देवी, अनीता देवी, रामबेटी, मार्ग श्री तथा बड़ी संख्या में किसान, महिलाएं और बच्चे उपस्थित रहे।

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.