सत्य निकेतन के OYO होटल में सनसनीखेज घटना, कमरे में फंदे से लटका मिला युवक का शव ।

सत्य निकेतन के OYO होटल में सनसनीखेज घटना, कमरे में फंदे से लटका मिला युवक का शव ।
प्रारंभिक जानकारी में आर्मी जवान होने की बात, साउथ कैंपस थाना पुलिस ने शुरू की जांच
प्राइम इंडिया न्यूज
अजीत कुमार दिल्ली
राजधानी दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में स्थित एक OYO होटल में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कमरे के अंदर युवक का शव फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही साउथ कैंपस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मृतक की उम्र करीब 27 वर्ष बताई जा रही है और उसके आर्मी जवान होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, मृतक की पहचान और उसकी सैन्य पृष्ठभूमि को लेकर पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। होटल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक होटल में कब आया था और उसके साथ कमरे में कोई अन्य व्यक्ति आया था या नहीं।
फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के सामने आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
सत्य निकेतन जैसे व्यस्त इलाके में होटल के कमरे में हुई इस संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल साउथ कैंपस थाना पुलिस हर एंगल से मामले की तफ्तीश में जुटी है।
