रक्षाबंधन पर महिलाओं को बड़ा तोहफा, बसों में मुफ्त सफर करेंगी महिलाएं

रक्षाबंधन पर महिलाओं को बड़ा तोहफा, बसों में मुफ्त सफर करेंगी महिलाएं ।
अयोध्या। रक्षाबंधन के पर्व पर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने महिलाओं को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की बसों में महिलाएं अपने एक साथी के साथ मुफ्त यात्रा कर सकेंगी।
यह सुविधा 27 अगस्त की रात से 28 अगस्त की रात तक लागू रहेगी। रक्षाबंधन के अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाओं के आवागमन को देखते हुए परिवहन विभाग को विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने महिलाओं की यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए परिवहन विभाग, पुलिस और प्रशासन को सभी आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने को कहा गया है।
सीएम योगी ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए एंटी-रोमियो स्क्वॉड को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए हैं। प्रमुख बस अड्डों और मार्गों पर पुलिस की निगरानी बढ़ाई जाएगी, ताकि रक्षाबंधन के दौरान महिलाओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
सरकार की इस पहल से रक्षाबंधन पर मायके जाने वाली महिलाओं को राहत मिलने की उम्मीद है। मुफ्त बस यात्रा की सुविधा से त्योहार पर बड़ी संख्या में महिलाओं को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
