गुम हुए मोबाइल वापस पाकर खिले 80 लोगों के चेहरे, गिरिडीह पुलिस ने लौटाई उनकी खुशियां।

गुम हुए मोबाइल वापस पाकर खिले 80 लोगों के चेहरे, गिरिडीह पुलिस ने लौटाई उनकी खुशियां।
तकनीकी जांच और पुलिस के लगातार प्रयास से बरामद हुए मोबाइल, एसपी डॉ. विमल कुमार ने वास्तविक मालिकों को सौंपे फोन।
गिरिडीह/झारखंड
प्राइम इंडिया न्यूज़ संवाददाता मनोज बर्मन की रिपोर्ट
गिरिडीह। किसी का मोबाइल कुछ दिनों पहले गुम हुआ था, तो कोई महीनों से अपने फोन के वापस मिलने का इंतजार कर रहा था। बुधवार को इन सभी के इंतजार पर विराम लगा, जब गिरिडीह पुलिस ने 80 लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल फोन वापस सौंपे। न्यू पुलिस लाइन पपरवाटांड़ स्थित पुलिस केंद्र के मल्टीपर्पस हॉल में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। मोबाइल वापस मिलते ही लोगों के चेहरे पर खुशी और संतोष देखने को मिला।
8
दरअसल, गिरिडीह पुलिस की ओर से चलाए जा रहे ‘आपका मोबाइल, फिर से आपका’ अभियान के तहत यह पहल की गई। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गुम हुए इन मोबाइल फोन को पुलिस की अलग-अलग टीमों ने तकनीकी सहायता और लगातार प्रयासों के जरिए बरामद किया। मोबाइल मिलने के बाद लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए आभार जताया।
इस मौके पर एसपी डॉ. विमल कुमार ने कहा कि मोबाइल आज हर व्यक्ति की जरूरत बन चुका है। इसमें लोगों के जरूरी दस्तावेज, व्यक्तिगत जानकारियां और यादें भी सुरक्षित रहती हैं। ऐसे में गुम हुए मोबाइल को खोजकर उनके असली मालिकों तक पहुंचाना पुलिस की जिम्मेदारी है। उन्होंने आम लोगों को साइबर अपराध से बचने और मोबाइल की सुरक्षा को लेकर भी जागरूक किया।
एसपी ने अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल नजदीकी थाने में सनहा दर्ज कराएं और संबंधित पोर्टल पर शिकायत करें, ताकि पुलिस तकनीकी माध्यमों से मोबाइल की तलाश कर उसे वापस दिलाने की कार्रवाई कर सके।
