आज भोजन बंद है, मास्टर चोर है’ के नारों से गूंजा स्कूल,एम डी एम गबन के बाद सचिव फरार,

‘आज भोजन बंद है, मास्टर चोर है’ के नारों से गूंजा स्कूल,एम डी एम गबन के बाद सचिव फरार,
राताबाहियार स्कूल में चावल व स्वेटर गबन का आरोप, ग्रामीणों व बच्चों में भारी आक्रोश. उच्च स्तरीय जांच की मांग
राजु मंडल रफ्तार मीडिया सवाददाता गांडेय
गांडेय प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय राताबाहियार में बच्चों के निवाले पर डाका डालने और सरकारी सामग्री के गबन का गंभीर मामला सामने आया है। मामले के तूल पकड़ते ही विद्यालय में मध्याह्न भोजन बंद कर आरोपी सचिव अजय कुमार फरार बताए जा रहे हैं। आक्रोशित बच्चों और ग्रामीणों ने स्कूल परिसर में “आज भोजन बंद है, मास्टर चोर है” के जमकर नारे लगाए और विरोध प्रदर्शन किया।
*चावल रहते हुए भी बंद किया भोजन*
ग्रामीणों के अनुसार, विद्यालय में पिछले करीब एक महीने से बच्चों को मध्याह्न भोजन नहीं दिया जा रहा था। जब ग्रामीणों ने सचिव से इसका कारण पूछा, तो उन्होंने स्टॉक में चावल नहीं होने का बहाना बनाकर बात टाल दी। इसके बाद ग्रामीणों ने जब अपने स्तर से मामले की पड़ताल की, तो गबन की परतें खुलती चली गईं। छानबीन के दौरान आरोपी शिक्षक के पास से गबन की गई 12 पेटी चावल और बच्चों के बीच वितरण के लिए आया दो बोरा स्वेटर बरामद किया गया।
*शिक्षा विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल*
सामग्री बरामद होने और पोल खुलने के बाद अब पर्याप्त चावल उपलब्ध रहने के बावजूद स्कूल में मध्याह्न भोजन पूरी तरह ठप कर दिया गया है, जिससे छात्र भूखे पेट रहने को मजबूर हैं। इसे स्थानीय शिक्षा विभाग और निगरानी तंत्र की घोर लापरवाही माना जा रहा है।
*पंचायत प्रतिनिधि ने की उच्च स्तरीय जांच की मांग*
झरघटा पंचायत के पंचायत समिति सदस्य (पंसस) विकास यादव ने सचिव के इस कृत्य को बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ और घोर आपराधिक लापरवाही करार दिया है। उन्होंने शिक्षा विभाग के वरीय अधिकारियों और जिला प्रशासन से मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपी सचिव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और पूरे मामले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
